इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में ठगी, CM भजनलाल ने खुद सुनी पीड़ित की शिकायत:
राजस्थान के बाड़मेर निवासी भैराराम इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार बन गए... उनकी शिकायत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज होने के दौरान जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (R4C) का औचक निरीक्षण कर रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खुद कॉल रिसीव कर पूरी घटना की जानकारी ली। भैराराम ने बताया कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने का लालच देकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से पैसे उड़ा लिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनकी अवैध संपत्तियां भी कुर्क की जाएं। उन्होंने शिकायत दर्ज होने से लेकर बैंक और संबंधित थाने तक सूचना पहुंचने की डिजिटल प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। राज्य सरकार ने बजट 2026-27 में R4C के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और इसके लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्वतंत्र भवन बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो लोग लालच में आकर साइबर अपराधियों को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम उपलब्ध कराएंगे, उनके खिलाफ भी समान रूप से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 1930 हेल्पलाइन पर 95 प्रतिशत शिकायतों का समय पर निस्तारण हो रहा है और कॉल लाइनों की संख्या 30 से बढ़ाकर 53 कर दी गई है, जिसे जल्द 60 तक कर दिया जाएगा। साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती घंटों में खातों को फ्रीज करने की व्यवस्था मजबूत करने के लिए 21 जुलाई को विशेष स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) की बैठक भी बुलाई गई है। वहीं, राजस्थान पुलिस ऑपरेशन वज्र प्रहार, साइबर शील्ड, एंटी वायरस और म्यूल हंटर जैसे अभियानों के जरिए फर्जी सिम, बैंक खातों और साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही है।
