भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर उपखंड कस्बे में मंगलवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में एक संदिग्ध युवक कैश काउंटर पर रखे 76,600 रुपये चुराकर फरार हो गया। पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी अपनी पर्ची भरने के लिए कुछ पलों के लिए काउंटर से हटा था, तभी यह वारदात हुई।
कर्मचारी के वापस लौटने पर काउंटर से नकदी गायब मिली, जिससे बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने बैंक कर्मियों को बताया कि एक अनजान युवक काउंटर से रुपये उठाकर बाहर की तरफ निकला है। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई चोरी
फुटेज की जांच करने पर एक संदिग्ध युवक साफ तौर पर कैश काउंटर से नकदी उठाकर बाहर जाते हुए दिखाई दे रहा है। बैंक की मुख्य शाखा प्रबंधक सोराज सिंह मीणा ने इस घटना की सूचना तुरंत जहाजपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जहाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक कर्मचारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान और तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है।
