नसीराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर सोमवार को दोपहर 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी कल्पित शिवरान के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए गए। इसके तहत भारतीय जनता पार्टी की तरफ से एडवोकेट सुखदेव चौधरी और कांग्रेस की ओर से रितिका शेखावत ने पर्चा दाखिल किया है। दोनों दलों के बीच सीधे मुकाबले की स्थिति बन गई है।
नसीराबाद नगर निकाय चुनाव के तहत हाल ही में 20 वार्डों के नतीजे आए थे। इनमें भाजपा और कांग्रेस दोनों को 9-9 वार्डों में जीत मिली है, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे हैं। दोनों प्रमुख दलों के पास बराबर संख्या होने की वजह से अब दोनों निर्दलीय पार्षद अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्णायक स्थिति में आ गए हैं।
बाड़ेबंदी और आगे का चुनावी कार्यक्रम
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों को लेकर बाड़ेबंदी की शुरुआत कर दी है। भाजपा खेमे का दावा है कि उसके पाले में 11 पार्षद हैं, जिससे पार्टी में जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल करने के साथ ही कुछ विजयी पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नाम वापसी की अंतिम तिथि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक है। इसके बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। नसीराबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया खत्म होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी, जिसमें तय होगा कि नसीराबाद की कमान किसके हाथ जाएगी।
