पेपर लीक पर PM मोदी का आधी रात वीडियो संदेश, सख्त कानून और फास्ट ट्रैक कोर्ट का दिया भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक मामलों पर केंद्र सरकार की सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब 2.56 मिनट के इस संदेश में उन्होंने कहा कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, इसलिए सरकार इसके खिलाफ कठोर कानून लाने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित कानून के मसौदे पर शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल में चर्चा होगी और मंजूरी मिलने के बाद इसे अगले सप्ताह संसद में पेश कर जल्द पारित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई महीनों में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा कराकर 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित किए। पीएम के अनुसार पेपर लीक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे और दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान किया जाएगा। प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गईं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे "आधी रात का वीडियो" बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने भी कहा कि पेपर लीक के खिलाफ सबसे सख्त कदम शिक्षा मंत्री को पद से हटाना होगा। उल्लेखनीय है कि NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर पिछले एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है, जबकि मामले की जांच CBI कर रही है। जांच एजेंसी अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सकती है।
