सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के विरोध में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। तीन थानों की पुलिस तैनात होने के बावजूद शिवसैनिकों ने प्रशासन को चकमा देकर बारिश के बीच आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला दहन किया।
पुलिस और शिवसैनिकों के बीच छीनाझपटी
बंडा में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और शिवसैनिकों आमने-सामने आ गए। जब कार्यकर्ताओं ने आबकारी मंत्री का पहला पुतला जलाने की कोशिश की, तो भारी पुलिस बल ने उसे छीन लिया। हालांकि, इसके तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने दूसरा पुतला निकालकर दहन कर दिया। भारी बारिश के बीच स्थानीय थानों का पुलिस बल मुस्तैद था, लेकिन कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर पुतला फूंक दिया।
सरकार पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना के राज्य उप प्रमुख पप्पू तिवारी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिलेभर में अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि मौतों का आंकड़ा बढ़ने के बावजूद आबकारी मंत्री का इस्तीफा न देना इस बात का प्रमाण है कि इस पूरी त्रासदी के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।
शिवसेना जिला प्रभारी विकास सिंह ने प्रशासन पर आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंडा क्षेत्र में 50 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और यह सिलसिला लगातार जारी है, जबकि स्थानीय प्रशासन मौतों के वास्तविक आंकड़े को कम करके बता रहा है।
