सागर जिले के बंडा क्षेत्र में हुई जहरीली शराब त्रासदी के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सागर पहुंचे। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती प्रभावितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। अस्पतालों में पीड़ितों का हाल जानने के बाद वे प्रभावित गांवों के दौरे के लिए रवाना हुए।
प्रशासन की नाकामी और आबकारी विभाग पर आरोप
मीडिया से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जमकर बरसे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा आबकारी विभाग और अवैध शराब माफियाओं की मिलीभगत का सीधा नतीजा है। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
'
यहां जनता मर रही और सीएम विदेश में'
सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए सिंघार ने कहा कि प्रदेश में इस तरह का हृदयविदारक घटनाक्रम हो रहा है, मासूम जनता दम तोड़ रही है और मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर व्यस्त हैं। उन्होंने सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह से नाकाम साबित हो चुका है।
