Saturday, 26 September 2026
अभी का दौर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर को दी 16 पीएम ई-बसों की सौगात

आपणो राजस्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर को दी 16 पीएम ई-बसों की सौगात

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पीएम ई-बस सेवा के तहत जयपुर को 16 ई-बसें समर्पित की। उन्होंने शासन सचिवालय में ई-बसों की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा अवलोकन कर हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी विजन और क्लीन मोबिलिटी के तहत ये इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। आधुनिक तकनीक के साथ बिना धुएं और आवाज के चलने वाली ये बसें आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण देने के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 8 शहरों में 110 पीएम-ई बसें पहुंच चुकी हैं। पीएम-ई बस सेवा के प्रथम चरण में 8 प्रमुख शहरों जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर तथा अजमेर के लिए 675 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं। वहीं, राज्य सरकार के विशेष प्रयासों से प्रदेश के लिए अतिरिक्त 475 ई-बसें स्वीकृत की गई। इस तरह राजस्थान के लिए कुल 1 हजार 150 पीएम ई-बसों की मंजूरी मिली है। 

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में ई-बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए बस स्टैण्ड, चार्जिंग प्वाइंट सहित विभिन्न इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जा रहा है। 

सभी क्षेत्रों तक सुगम परिवहन सेवा होगी सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रत्येक वर्ग को सुगम और किफायती सफर करवाने सहित सभी वादों को पूरा कर रही है। इसी दिशा में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक परिवहन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पिछले दिनों 144 रोडवेज बसों को भी रवाना किया गया था। वहीं, जल्द ही रोडवेज के बेड़े में एक हजार बसों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक प्रबंधन के चलते हम रोडवेज को घाटे से उबारकर फायदे में लाए हैं और रोडवेज कर्मचारियों को समय पर वेतन देना सुनिश्चित किया है। 

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।