भोपाल: मध्य प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज ने भीषण गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन कुछ इलाकों में यह आफत बनकर भी बरसा है। राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और झमाझम बारिश के कारण रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय वेदर सिस्टम की वजह से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही माहौल बना रह सकता है।
खंडवा और पचमढ़ी में सबसे ठंडी रात
मौसम में आए इस बदलाव के बाद रविवार-सोमवार की रात खंडवा में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 19 ℃ पर पहुंच गया, जो सामान्य से काफी कम है। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 19.4 ℃ दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 24.5 ℃, ग्वालियर और जबलपुर में 24.7 ℃, उज्जैन में ℃, और इंदौर में 26.4 ℃ न्यूनतम तापमान रहा।
सतना में सवा इंच से ज्यादा बरसे बदरा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। सतना में सबसे ज्यादा सवा इंच से अधिक पानी गिरा। इसके अलावा दतिया में आधा इंच बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, रीवा, सिवनी, बैतूल और उमरिया सहित कई जिलों में भी झमाझम बारिश का दौर चला। सोमवार सुबह से ही राजधानी भोपाल में तेज हवाएं चल रही हैं।
शाजापुर में आसमानी बिजली का कहर, युवक की मौत
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि इस बदलते मौसम के बीच शाजापुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। ग्राम ओछापुरा में सोमवार देर रात घर के आंगन में सो रहे 32 वर्षीय युवक राजेश श्रीवास पर अचानक आसमानी बिजली गिर गई। तेज गर्जना के साथ हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
