ब्यावर के सेंदडा रोड स्थित अजगर बाबा के थान पर आयोजित वार्षिक मेले और रात्रि जागरण में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बुधवार रात को हुए भजन संध्या कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, वहीं गुरुवार शाम को लगे मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी और खानपान का लुत्फ उठाया।
गणपति वंदना से आगाज, कलाकारों ने बांधा समां
मेले की पूर्व संध्या पर बुधवार रात को अजगर बाबा के थान पर भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। चांदनी म्यूजिकल ग्रुप के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद प्रदेश के ख्यातनाम भजन गायकों और कलाकारों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
भजन गायक दिनेश राणा ने अजगर बाबा के भजनों की प्रस्तुति से माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। वहीं, 'मोरछड़ी लहराई रे...' भजन पर पंडाल में मौजूद भक्त झूम उठे। गायक सुनील भाट की प्रस्तुतियां भी श्रोताओं को काफी पसंद आईं। इस दौरान जयपुर और कोटा से आए कलाकारों ने भजनों पर आधारित आकर्षक झांकियां पेश कीं, जिन्हें देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ जुटी रही।
विधायक और जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अजगर बाबा के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी हेमंत सेन ने मुख्य अतिथि विधायक शंकर सिंह रावत और नवनिर्वाचित पार्षद तुलसीराम शर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान श्री मारू सेन समाज पंचायत बोर्ड संस्था ब्यावर के पूर्व अध्यक्ष दिलीप सेन, रामलाल सेन, नोरतमल गहलोत और रामलाल का भी दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन ओम महावर और यश महावर ने संयुक्त रूप से किया।
गुरुवार शाम को सजा मेला, उमड़ी भीड़
आयोजन के दूसरे चरण में गुरुवार देर शाम अजगर बाबा थान परिसर में मुख्य मेले का आयोजन किया गया। मेले की खबर फैलते ही ब्यावर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से मेलार्थियों का रैला उमड़ पड़ा।
देर रात तक चले इस मेले में विशेष तौर पर महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। मेला परिसर में सजी दुकानों से लोगों ने खरीदारी की, वहीं चाट-पकौड़ी के स्टॉल पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों और युवाओं ने झूलों और चकरियों का आनंद लिया। मेला घूमने पहुंचे श्रद्धालुओं ने अजगर बाबा के दरबार में माथा टेककर मन्नतें मांगीं और परिवार की खुशहाली की कामना की।
