सावर (अजमेर)। लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को अजमेर जिले के सावर कस्बे में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आगाज हुआ। श्री वीर तेजा नवयुवक मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव के पहले दिन शहर में एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा की शुरुआत अजमेर-कोटा तिराहे पर स्थित गोरा भैरू महाराज के धार्मिक स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ यात्रा रवाना हुई जो देवली तिराहे से होते हुए खादी भंडार, बस स्टैंड, केकड़ी गेट, सदर बाजार, इलाहजी का चौक, गोल हथाई और शाहपुरा गेट जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी।
पारंपरिक वाद्यों के साथ थिरके युवा
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में तेजाजी महाराज के विशाल ध्वज और रंग-बिरंगी पताकाएं नजर आईं। डीजे की धुनों के अलावा ढोल की थाप, चंग और अलगोजे की पारंपरिक स्वर लहरियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। युवक-युवतियों सहित सभी आयु वर्ग के लोग इन धुनों पर नाचते-गाते तेजाजी के थान तक पहुंचे।
प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद शोभायात्रा का समापन तेजाजी के थान पर हुआ। यहां पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-शांति व खुशहाली की कामना की। इस आयोजन से पूरे कस्बे में धार्मिक और उत्सव का माहौल बना रहा।
सोमवार को लगेगा विशाल मेला
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि दो दिवसीय आयोजनों के दूसरे यानी सोमवार को कहार बस्ती के पास स्थित श्री तेजा के थान पर एक विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी संपन्न होंगे, जिनकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
