गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई की एक स्पेशल कोर्ट में सरेंडर करने की अर्जी दी है। अनमोल बिश्नोई ने सबके सामने कहा है की वह एक निष्पक्ष ट्रायल और कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अपनी मर्जी से सरेंडर करना चाहता है। जानकारी के लिए बता दे की अनमोल, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है। उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को गिरफ्तार किया। फिलहाल वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। सलमान के बांद्रा स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग समेत कई मामलों में उसकी तलाश थी। बता दे की स्पेशल MCOCA कोर्ट में दाखिल अर्जी में अनमोल ने कहा कि वह पहले से ही एक दूसरे केस में कानूनी कस्टडी में है। इसलिए अदालत के आदेश के बिना पेश नहीं हो सकता। उसने अदालत से तिहाड़ जेल के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की, ताकि उसे कोर्ट में पेश किया जा सके और इस केस में रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा सके। अनमोल ने अपने निवेदन पत्र में कहा है की कोर्ट में उसके पेश होने से प्रॉसिक्यूशन को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि इससे ट्रायल और लीगल प्रोसेस में तेजी आएगी और लीगल प्रोसेस का गलत इस्तेमाल रुकेगा। अर्जी में कहा गया कि इस मामले में ट्रायल शुरू हो चुका है और उसकी अनुपस्थिति में तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। आपको बता दे की वह NIA के एक अलग मामले में गिरफ्तार हुआ था। सलमान के घर के बाहर हुई फायरिंग का केस मुंबई पुलिस का एक अलग मामला है, जिसमें वह अब तक केवल वॉन्टेड है। जब तक कोई आरोपी किसी विशिष्ट केस में कोर्ट के सामने पेश नहीं होता, तब तक उस केस में उसकी औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज नहीं होती। 14 अप्रैल 2024 की सुबह सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी। जांच के दौरान उनकी पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के रूप में हुई।इस केस में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह ज्यूडिशियल कस्टडी में हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी अनुजकुमार थापन ने पुलिस कस्टडी में सुसाइड कर लिया था। लॉरेंस बिश्नोई भी इस केस में फरार है।