भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रदेश स्तर पर खेल प्रकोष्ठ के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल की सहमति से जारी सूची में बड़वानी जिले के जुलवानिया निवासी आयुष मिश्रा को भाजपा खेल प्रकोष्ठ का प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रदेश स्तर की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर विभिन्न स्थानों पर उन्हें बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।आयुष मिश्रा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। इससे पहले वे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में प्रदेश सहसंयोजक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रियता, खेल एवं युवा वर्ग से जुड़ाव तथा पार्टी के कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।भाजपा खेल प्रकोष्ठ का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, खिलाड़ियों और खेल संगठनों से संवाद स्थापित करना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा खेल गतिविधियों के माध्यम से संगठन को मजबूत करना है। ऐसे में आयुष मिश्रा की नियुक्ति को बड़वानी जिले के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके प्रदेश स्तर पर पहुंचने से जिले की खेल प्रतिभाओं और युवाओं को भी बेहतर अवसर मिलेंगे।नियुक्ति की घोषणा के बाद जुलवानिया सहित बड़वानी जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आयुष मिश्रा का स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी व्यक्त की। कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना की।आयुष मिश्रा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व—प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश संगठन तथा भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मानसिंह यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में खेल प्रतिभाओं को संगठन से जोड़ने, युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।भाजपा संगठन द्वारा जारी सूची में प्रदेश सह संयोजकों सहित मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य विभागों के पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई है। वहीं संगठन ने संकेत दिए हैं कि शेष पदाधिकारियों की सूची भी जल्द जारी की जाएगी। बड़वानी जिले के लिए आयुष मिश्रा की यह नियुक्ति राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।