बांसवाड़ा। जिनेवा समिट में भाग लेने के बाद पहली बार बांसवाड़ा पहुंचे भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए BAP कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों को "हाई-प्रोफाइल ड्रामा" बताया। उन्होंने दावा किया कि भारत आदिवासी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ है।मीडिया से बातचीत में रोत ने कहा कि जयपुर ले जाए गए लोग पहले भाजपा से जुड़े हुए थे और उन्हीं को कांग्रेस में शामिल कर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि दोनों पक्ष अपने-अपने कार्यकर्ताओं की सूची सार्वजनिक करें, जिससे सच्चाई सामने आ जाएगी।सांसद ने आरोप लगाया कि डूंगरपुर की तरह बांसवाड़ा में भी कांग्रेस और भाजपा मिलकर BAP को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी के कारण ही वागड़ के आदिवासी समाज को राजनीतिक सम्मान और पहचान मिल रही है।बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल के मामले में रोत ने कहा कि इसे साजिश और प्रोपेगेंडा बनाकर पेश किया जा रहा है। वहीं, सेंट पॉल स्कूल वैन हादसे में छात्र की मौत पर गहरा दुख जताते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई तथा मृतक छात्र के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।