Saturday, 26 September 2026
अभी का दौर

जनता को चक्कर कटवाना पड़ा भारी भजनलाल सरकार का बड़ा एक्शन

आपणो राजस्थान
जनता को चक्कर कटवाना पड़ा भारी भजनलाल सरकार का बड़ा एक्शन

राजस्थान सरकार ने लगातार मिल रही जन शिकायतों और प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बाद अलवर तहसीलदार रश्मि शर्मा को पद से हटाकर राजस्व मंडल कार्यालय, अजमेर से अटैच कर दिया शासन उप सचिव हरि सिंह मीना की ओर से जारी आदेश में इस कार्रवाई का कारण प्रशासनिक बताया गया है। जानकारी के मुताबिक तहसीलदार पर आम लोगों के राजस्व संबंधी कार्यों को लंबे समय तक लंबित रखने, बार-बार चक्कर लगवाने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद मामलों का समय पर निस्तारण नहीं करने के आरोप थे। जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े कई प्रकरण भी लंबे समय से लंबित थे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने के चलते मामला राज्य सरकार तक पहुंचा, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि यह आदेश 26 जून को ही जारी कर दिया गया था, लेकिन अब सामने आया है। वहीं दूसरी तरफ अलवर जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी एसडीएम और विकास अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के खेल मैदानों से अतिक्रमण हटाने का अभियान 15 जुलाई तक पूरा किया जाए, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गयी कि शिकायतों के निस्तारण या प्रकरण दर्ज करने में देरी करने पर टहला तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।