बुरहानपुर जिले के ग्राम चाकबारा स्थित शासकीय हाई स्कूल में विद्यार्थियों से झाड़ू लगवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद जनजातीय कार्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने तीन दिन के भीतर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त भारत जाँचपुरे ने प्रभारी प्राचार्य विजय महाजन को नोटिस जारी किया है। विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित तीन दिन की समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया जाए। ऐसा न होने पर या तय समय में जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
पालकों की नाराजगी के बाद एक्शन
ग्राम चाकबारा के इस शासकीय हाई स्कूल में बच्चों से पढ़ाई के बजाय सफाई का काम कराए जाने का मामला तूल पकड़ गया था। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के हाथों में झाड़ू थमाए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद पालकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई थी।
मामले के तूल पकड़ने के बाद जनजातीय कार्य विभाग ने संज्ञान लिया। अब विभाग के जवाब-तलब के बाद यह देखना अहम होगा कि प्राचार्य की तरफ से क्या सफाई दी जाती है और विभाग आगे क्या कदम उठाता है। स्थानीय पालकों और क्षेत्रवासियों की निगाहें इस पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
