बुरहानपुर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ खकनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13 देशी हस्तनिर्मित पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त हथियार और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 72 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस आरोपी से हथियारों की सप्लाई और नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।बुरहानपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के निर्माण, खरीदी-बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खकनार पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक 9 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खकनार के पास साईबाबा स्कूल के पीछे जंगल में पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बैठा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय शक्तिसिंह पिता बादलसिंह पटवा, निवासी औझर नागलवाड़ी, जिला बड़वानी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 13 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियारों की कीमत 3 लाख 72 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताते हुए कुल 4 लाख 72 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना खकनार में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार पिछले एक साल में खकनार थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों से जुड़े 12 मामलों में 47 देशी पिस्टल, 6 मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस जब्त किए जा चुके हैं,“मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 13 देशी हस्तनिर्मित पिस्टल, 45 जिंदा कारतूस और एक खाली मैगजीन बरामद की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।”