अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुरहानपुर के राजघाट स्थित मां ताप्ती तट पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक अर्चना चिटनिस सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान योग को स्वस्थ जीवन और विकसित भारत का आधार बताते हुए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया गया।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने योगाभ्यास किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। सांसद ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली भारत की प्राचीन जीवन पद्धति है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देश इसे अपना रहे हैं। सांसद ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया,कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुना गया। अंत में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनिस ने भी सहभागिता करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। विधायक ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं और योग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नियमित योग करने का आग्रह किया।
