सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रेगुवां में ईमानदारी की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। मकान निर्माण के दौरान खुदाई में मिले 49 प्राचीन चांदी के सिक्कों को गृहस्वामी ने बिना किसी लालच के पुलिस के हवाले कर दिया। क्षेत्र में उनके इस कदम की सराहना की जा रही है।जानकारी के अनुसार ग्राम रेगुवां निवासी दयाल अहिरवार पिता प्रहलाद अहिरवार अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। मकान की नींव की खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन में दबा एक पुराना पात्र दिखाई दिया। पात्र को बाहर निकालकर खोलने पर उसमें 49 चांदी के सिक्के मिले।सिक्कों पर उर्दू-फारसी लिपि में लेख अंकित हैं। उनकी बनावट और स्वरूप को देखकर प्रारंभिक तौर पर इन्हें मुगलकालीन माना जा रहा है। हालांकि सिक्कों की वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का निर्धारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगा।गड़ा हुआ धन मिलने के बावजूद दयाल अहिरवार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और सभी सिक्के पुलिस के सुपुर्द कर दिए। पुलिस ने नियमानुसार सिक्कों को जब्त कर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है।पुलिस प्रशासन द्वारा अब सिक्कों को जांच एवं पुरातात्विक मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार संबंधित विभाग को भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।ग्रामीण दयाल अहिरवार की ईमानदारी की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि उनका यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है और सार्वजनिक संपत्ति के प्रति जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।
