देवली शहर के पास कबूतरों के शिकार का एक और मामला सामने आया है। ज्योति कॉलोनी में बाइक सवार दो युवकों ने गुलेल से निशाना साधकर एक कबूतर को घायल कर दिया और उसे अपने साथ ले गए। हाल ही में शहर के ज्योति मार्केट में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा था।
गुरुवार दोपहर हनुमाननगर थाना क्षेत्र के रिलायंस मॉल के सामने वाली गली में यह घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, बाइक पर दो युवक आए थे। वाहन के पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर गुलेल से एक कबूतर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी घायल पक्षी को उठाकर बाइक से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों युवकों की हरकत साफ दिखाई दे रही है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान में जुटी है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें और वन्यजीव या पक्षियों के शिकार की सूचना तुरंत संबंधित थाने को दें।
पहले भी ज्योति मार्केट में पकड़ा चुका है गिरोह
कुछ दिन पहले देवली के ज्योति मार्केट में भी सुबह के वक्त इसी तरह कबूतरों का शिकार करने का मामला सामने आया था। उस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई की थी और दोनों आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया था। अब हनुमाननगर थाना इलाके में दोबारा इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस और सख्त हो गई है। अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
