देवशयनी एकादशी 24 या 25 जुलाई? जानिए व्रत की सही तिथि और शुभ मुहूर्त

देवशयनी एकादशी 2026 की तिथि को लेकर इस बार श्रद्धालुओं के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि व्रत 24 जुलाई को रखा जाए या 25 जुलाई को। पंचांग के अनुसार आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर प्रारंभ होगी और 25 जुलाई को सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर समाप्त होगी। वही एकादशी तिथि का उदयकाल 25 जुलाई को पड़ रहा है, इसलिए उदया तिथि के नियम के अनुसार देवशयनी एकादशी का व्रत 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को रखा जाएगा। बता दे हिंदू धर्म में देवशयनी एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान विष्णु चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है। देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करने, व्रत रखने और दान-पुण्य करने से घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:16 बजे से 4:57 बजे तक, अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:00 बजे से 12:55 बजे तक और संध्या पूजा का शुभ समय शाम 7:17 बजे से रात 8:19 बजे तक रहेगा। वहीं, व्रत का पारण 26 जुलाई को सुबह 5:38 बजे से 8:22 बजे के बीच करना शुभ माना गया है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक श्रद्धालुओं को इस दिन भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप, तुलसी पूजन, विष्णु सहस्रनाम का पाठ और सात्विक जीवनशैली का पालन करना चाहिए। मान्यता है कि सच्चे मन से देवशयनी एकादशी का व्रत और पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है, सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन की परेशानियों से मुक्ति मिलती है।