देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी की धूम देखने को मिली। मंदिरों को आकर्षक रोशनी, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया, वहीं आधी रात को कान्हा के जन्म के साथ ही भक्तों ने जयकारों और घंटियों के बीच भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। देश के विभिन्न हिस्सों में जहां मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए, वहीं लोगों ने अपने घरों और सोसाइटी में भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ जन्माष्टमी मनाई।

जमकर उमड़े श्रद्धालु

इसी आध्यात्मिक उल्लास की खूबसूरत झलक जयपुर के गांधी पथ वेस्ट, वैशाली नगर स्थित रॉयल रेगलिया रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन में भी देखने को मिली। सोसाइटी परिसर जन्माष्टमी के अवसर पर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी के रहवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मनमोहक प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया

आयोजन के दौरान भजन संध्या का विशेष आकर्षण रहा। बच्चों ने भगवान कृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत भजनों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मासूमियत, उत्साह और भक्ति भाव ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर सोसाइटी के लोगों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया और भक्तिमय माहौल का आनंद लिया।

जन्माष्टमी से मिला जीवन का संदेश

जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि धर्म, प्रेम, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देने वाला पर्व भी है। श्रीकृष्ण का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, धर्म और सत्य का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए। उनके बाल स्वरूप की लीलाएं वात्सल्य और प्रेम का भाव जगाती हैं, तो गीता का संदेश जीवन में कर्म, धैर्य और आत्मविश्वास की प्रेरणा देता है।

भक्ति और सामूहिक सौहार्द का प्रतीक

रॉयल रेगलिया सोसाइटी में आयोजित यह उत्सव भी इसी प्रेम, भक्ति और सामूहिक सौहार्द का प्रतीक बना। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भजनों की मधुर धुन, कृष्ण नाम के जयकारे और भक्तों की आस्था ने सोसाइटी के माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

कान्हा के जन्म की खुशी में बांटी गई बधाइयों के बीच हर चेहरे पर उत्साह और हर मन में भक्ति का भाव दिखाई दिया। ऐसा लगा मानो जयपुर की इस सोसाइटी में स्वयं नंदलाल ने अपनी बाल लीलाओं से प्रेम और आनंद की छटा बिखेर दी हो।