मशहूर शिक्षक खान सर को पटना सिविल कोर्ट बड़ी राहत मिली है..  मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हुए हंगामे के मामले में उनकी गिरफ्तारी पर रोक बढ़ा दी गई है। अदालत ने पुलिस की अपडेटेड केस डायरी देखने के बाद इस रोक को अगले आदेश तक प्रभावी रखा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई अब 25 जून को तय है। दरअसल  पूरा विवाद 2 जून की रात को कोचिंग सेंटर के बाहर हुए पथराव और फायरिंग के बाद शुरू हुआ था। आरोप लगाया जा रहा है कि खान सर के इशारे पर ही उनके दो सुरक्षाकर्मियों ने वहां फायरिंग की थी। पुलिस इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों गार्ड्स को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस घटनाक्रम में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को भी गिरफ्तार किया गया था। रौशन आनंद फिलहाल अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गए हैं। जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने खान सर पर बेहद सनसनीखेज और गंभीर आरोप लगाए हैं। रौशन आनंद का कहना है कि खान सर ने नेपाल में उनके भाई प्रिंस यादव की हत्या की साजिश रची थी।इस गंभीर आरोप के बाद शिक्षा जगत से लेकर सोशल मीडिया तक हर तरफ हड़कंप मचा हुआ  है। वहीं दूसरी ओर, खान सर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
खान सर ने एक आधिकारिक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा और खुद को पूरी तरह से बेकसूर साबित किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। पटना पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि फायरिंग और हत्या की साजिश के दावों का सच सामने आ सके। पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश की गई केस डायरी इस पूरे मामले की दिशा तय करने में बेहद अहम भूमिका निभाएगी। इस विवाद के कारण पटना के कोचिंग हब कहे जाने वाले मुसल्लहपुर हाट इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। छात्र और आम लोग भी इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि 25 जून की सुनवाई में कोर्ट क्या फैसला सुनाती है। खान सर के लाखों समर्थक इस समय न्याय की उम्मीद में कोर्ट की अगली कार्रवाई पर नजरें गड़ाए बैठे हैं।