Thursday, 29 October 2026
अभी का दौर

गाजियाबाद में पोते की हत्या: शराब की लत और कर्ज से परेशान दादा-चाचा ने रची थी साजिश, गिरफ्तार

संक्षेप में

गाजियाबाद के नन्दग्राम थाना क्षेत्र में शराब की लत और पैसों की मांग से परेशान होकर 79 वर्षीय दादा भीम सिंह और चाचा राजेश ने 25 वर्षीय अश्विनी की सोते वक्त हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।

मुख्य बातें

  • घटना गाजियाबाद के नन्दग्राम थाना क्षेत्र की है.
  • मृतक अश्विनी उर्फ आशू की उम्र करीब 25 वर्ष थी.
  • आरोपियों में मृतक के दादा भीम सिंह (79) और चाचा राजेश (48) शामिल हैं.
  • हत्या 12-13 सितंबर की रात छत पर सोते वक्त की गई थी.
  • पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
क्राइम
गाजियाबाद में पोते की हत्या: शराब की लत और कर्ज से परेशान दादा-चाचा ने रची थी साजिश, गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नन्दग्राम थाना क्षेत्र के तहत दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है. परिवार के ही दो सदस्यों ने मिलकर 25 वर्षीय अश्विनी उर्फ आशू की सोते वक्त हत्या कर दी थी. मृतक की शराब पीने की आदत, बढ़ते कर्ज और लगातार पैसों की मांग से तंग आकर उसके 79 वर्षीय दादा और चाचा ने इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है.

13 सितंबर की सुबह सामने आया था मामला

नन्दग्राम थाने में 13 सितंबर को अश्विनी की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिली थी. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद एसीपी जियाउद्दीन अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की. तफ्तीश के दौरान पुलिस की सुई परिवार के ही सदस्यों पर आकर टिक गई, जिसके बाद पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ.

डेढ़ लाख रुपये का शराब का कर्ज और मकान की बिक्री

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतक के चाचा 48 वर्षीय राजेश और बाबा 79 वर्षीय भीम सिंह के रूप में हुई है. जांच में सामने आया कि अश्विनी शराब का आदी था और आए दिन अपने बाबा भीम सिंह से पैसे की मांग करता था. भीम सिंह ने अपने हिस्से का आधा मकान करीब 9 लाख रुपये में बेचा था, जिसमें से 6 लाख का लोन चुकाया गया और करीब डेढ़ लाख रुपये अश्विनी का शराब का कर्ज उतारने में खर्च हो गए. इसके बावजूद अश्वनी अपने हिस्से के पैसे मांगता था और न मिलने पर घर में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देता था.

12 सितंबर की रात रची गई साजिश

घटना 12 सितंबर की है. रात करीब साढ़े आठ बजे अश्वनी नशे की हालत में घर आया और फिर से शराब के लिए पैसे मांगने लगा. पैसे न मिलने पर वह धमकी देकर वहां से चला गया. इसके बाद भीम सिंह ने यह बात अपने छोटे बेटे राजेश को बताई और दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की ठान ली.

रात करीब 10 बजे जब अश्वनी छत पर सो रहा था, तब दोनों ने धारदार हथियार (दांव) और डंडानुमा बल्ली के टुकड़े से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने खून से सना हथियार तकिए के कवर से साफ कर घर में छिपा दिया, जबकि बल्ली का टुकड़ा और तकिए का कवर पास के एक खाली प्लॉट में फेंक दिया.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने खुद पर शक न जाए, इसके लिए नाटक किया. अगली सुबह करीब 7 बजे भीम सिंह छत पर गया और अश्वनी की हत्या का शोर मचाने लगा, जबकि राजेश ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. हालांकि, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को धर दबोचा. एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और खून से सना तकिया कवर बरामद कर लिया गया है. पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

गाजियाबाद में अश्विनी की हत्या किसने की थी?

गाजियाबाद के नन्दग्राम थाना क्षेत्र में अश्विनी उर्फ आशू की हत्या उसके अपने दादा भीम सिंह और चाचा राजेश ने मिलकर की थी।

हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी?

मृतक अश्विनी शराब पीने का आदी था और आए दिन शराब के लिए पैसे मांगता था। उसकी इन हरकतों और बढ़ते कर्ज से परेशान होकर परिवारवालों ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है?

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों (दादा और चाचा) को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

यह घटना किस इलाके की है?

यह सनसनीखेज वारदात उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के नन्दग्राम थाना क्षेत्र की है।