सोशल मीडिया पर कब कौन सा वीडियो छा जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। इस बीच जॉर्जिया से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में एक छोटी बच्ची शाहरुख खान और काजोल की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (DDLJ) के लोकप्रिय गाने पर थिरकती नजर आ रही है।
बोनफायर के पास शुरू हुआ डांस
वायरल क्लिप में बच्ची एक खुले इलाके में बोनफायर के पास एक बुजुर्ग शख्स के साथ बैठी दिखाई देती है। बैकग्राउंड में जैसे ही DDLJ का सुपरहिट गाना 'मेहंदी लगा के रखना' बजता है, बच्ची अपनी जगह से उठकर डांस करने लगती है। उसके चेहरे के क्यूट एक्सप्रेशंस और एनर्जेटिक मूव्स ने देखने वालों का ध्यान खींच लिया है।
इस प्यारी परफॉर्मेंस का सबसे खास पल तब आता है, जब बच्ची को नाचते देख पास ही कुर्सी पर बैठे दादाजी भी खुद को रोक नहीं पाते। वह अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही हाथों और कंधों से ताल मिलाने लगते हैं। बच्ची और बुजुर्ग की इस सहज जुगलबंदी ने इंटरनेट यूजर्स को भावुक कर दिया है।
23 घंटे में करोड़ों व्यूज
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैल गया है। इसे महज 23 घंटे के भीतर 3.8 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि लाखों लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। यूजर्स का कहना है कि संगीत किसी भाषा या सरहद का मोहताज नहीं होता, और यह वीडियो इस बात की सबसे खूबसूरत मिसाल है।
