जैसलमेर में पर्यटकों की आमद और उनकी प्राथमिकताओं ने पर्यटन कारोबार की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। स्वर्णनगरी कहे जाने वाले इस शहर में पर्यटकों के रुख में आ रहे बदलाव का सीधा असर अब होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय बाजारों के कारोबारी फैसलों पर साफ दिखने लगा है।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के मुताबिक, पर्यटकों के खानपान की आदतों में बड़ा बदलाव आया है। शुद्ध शाकाहारी भोजन और गुजराती व्यंजनों की मांग में तेजी को देखते हुए शहर के होटल संचालक अपने मेन्यू में नए विकल्प शामिल कर रहे हैं। कारोबारी अब पर्यटकों की इस पसंद के मुताबिक अपनी सेवाओं को ढालने में जुटे हैं।
सोनार दुर्ग और सम से आगे बढ़ा दायरा
सैलानियों की दिलचस्पी अब सिर्फ सोनार दुर्ग और सम के धोरों तक सीमित नहीं रह गई है। परिवारों के साथ पहुंच रहे पर्यटक शहर की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक स्थलों और अन्य दर्शनीय स्थानों में भी खासी रुचि दिखा रहे हैं। इस बढ़ते दायरे को देखते हुए टूर ऑपरेटरों और गाइडों ने अपने यात्रा कार्यक्रमों (इरटेनरी) में बदलाव करना शुरू कर दिया है।
बाजारों में पारंपरिक उत्पादों की मांग
खरीदारी के मोर्चे पर भी पर्यटकों की पसंद का असर दिख रहा है। बाजार में स्थानीय हस्तशिल्प, कशीदाकारी वाले वस्त्र, पारंपरिक कपड़े और सजावटी उत्पादों की मांग में उछाल आया है। इस बदलाव से न केवल होटल और परिवहन क्षेत्र को बल मिल रहा है, बल्कि स्थानीय दुकानदारों और पारंपरिक कारीगरों के लिए भी कारोबार से जुड़ने के नए रास्ते खुले हैं।
