सोने और चांदी की कीमतों में 22 जून को जोरदार उछाल देखने को मिला, जिससे सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गयी...  इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक  एक किलो चांदी के भाव में 5,826 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 2.37 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,694 रुपए महंगा होकर 1.46 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच निवेशकों और आभूषण खरीदारों की नजर बाजार की चाल पर बनी हुई है। हालांकि मौजूदा तेजी के बावजूद सोना और चांदी अभी भी अपने ऑलटाइम हाई स्तर से नीचे कारोबार कर रहे हैं। इस वर्ष 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, जबकि चांदी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई थी। इसके मुकाबले सोना करीब 30 हजार रुपए और चांदी लगभग 1.49 लाख रुपए तक सस्ती हो चुकी है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, डॉलर की स्थिति, केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक नीतियां और भू-राजनीतिक तनाव जैसे कई कारक सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर रहे हैं। जब भी वैश्विक स्तर पर अस्थिरता बढ़ती है, निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने और चांदी की ओर रुख करते हैं, जिससे इनके दाम में तेजी देखने को मिलती है। वहीं घरेलू बाजार में आगामी त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए भी कीमती धातुओं की मांग बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि सर्राफा कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञ उपभोक्ताओं को खरीदारी को लेकर  विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड हॉलमार्क वाला प्रमाणित आभूषण ही खरीदना आवश्यक है  क्योंकि हॉलमार्क सोने की शुद्धता की गारंटी देता है। साथ ही खरीदारी से पहले विभिन्न विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन के बाजार भाव की जांच करना भी जरूरी है। वहीं चांदी खरीदने वालों के लिए मैग्नेट टेस्ट, आइस टेस्ट, स्मेल टेस्ट और क्लॉथ टेस्ट जैसे आसान तरीके असली और नकली चांदी की पहचान करने में मददगार साबित हो सकते हैं। बढ़ती कीमतों के चलते निवेशकों और ग्राहकों के लिए बाजार की चाल पर नजर बनाए रखना और सोच-समझकर निवेश करना बेहद जरुरी है।