राजस्थान में अब घर खरीदना पहले से अधिक महंगा हो गया है। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने प्रदेश की विभिन्न आवासीय योजनाओं में जमीनों की आरक्षित दरों में 11% से लेकर 47% तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक सबसे ज्यादा बढ़ोतरी जयपुर की वाटिका योजना में हुई है, जहां जमीन की आरक्षित दर 7,045 रुपये प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 10,370 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। इसके अलावा जगतपुरा स्थित इंदिरा गांधी नगर योजना में दरें 23,850 रुपये से बढ़ाकर 27,355 रुपये प्रति वर्गमीटर, जबकि सांगानेर की प्रताप नगर योजना में 23,870 रुपये से बढ़ाकर 25,900 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई हैं।

वही हाउसिंग बोर्ड ने अन्य शहरों की योजनाओं में भी कीमतों में इजाफा किया है। ब्यावर की गढ़ी थोरियान योजना में करीब 12%, धौलपुर की बाड़ी रोड योजना में 22%, बीकानेर की शिव बाड़ी योजना में करीब 30% और हनुमानगढ़ की डीटीओ योजना में 11.24% तक आरक्षित दरें बढ़ाई गई हैं। नई दरें लागू होने के बाद हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं में प्लॉट और मकान खरीदने के लिए लोगों को पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी। ऐसे में आमजन के लिए किफायती आवास का सपना और महंगा होता नजर आ रहा है। लगातार बढ़ती आरक्षित दरों के बीच हाउसिंग बोर्ड के 'हमारा प्रयास–सबको आवास' के नारे पर भी सवाल उठने लगे हैं।