भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड को 95 रन से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। लीड्स में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए, जो महिला टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक जीत की सबसे बड़ी हीरो सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना रहीं, जिन्होंने 74 रन की धमाकेदार पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किये। मंधाना टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 चौके लगाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन चुकी हैं। वही नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने 11 चौके लगाए और उनके कुल चौकों की संख्या 603 तक पहुंच गई। इसके अलावा उन्होंने महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने इस मामले में मिताली राज और हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ा जिनके नाम 5-5 अर्धशतक थे।
मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोनों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की। यह टी-20 इंटरनेशनल में उनकी पांचवीं शतकीय साझेदारी रही, जिससे वे दुनिया की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी बनी हैं। भारत ने शुरुआती 6 ओवर में बिना विकेट खोए 59 रन बनाकर टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर भी दर्ज किया। दूसरी ओर भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में 355 विकेट पूरे कर दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। जवाब में 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर हार गयी। हालांकि मैच के दौरान भारतीय टीम को एक झटका भी लगा, जब स्पिनर श्रेयंका पाटिल फील्डिंग करते समय चोटिल हुई और उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की, बल्कि कई रिकॉर्ड बनाकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी भी और मजबूत की
