दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5.56 करोड़ रुपये कीमत का 15.93 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया गया है। इस मामले में बैंकॉक से भारत लौटे दो भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार दोनों यात्री थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर नियमित जांच के दौरान उनके सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग में संदेह होने पर विस्तृत तलाशी ली गई। जांच के दौरान कुल नौ पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें से सात पैकेट एक काले रंग के ट्रॉली बैग और दो पैकेट भूरे रंग के बैकपैक में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए थे। बरामद मादक पदार्थ की जांच में इसकी पहचान हाइड्रोपोनिक वीड गांजे के रूप में हुई है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कस्टम विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप किस तस्करी नेटवर्क के माध्यम से भारत लाई जा रही थी, इसका अंतिम गंतव्य क्या था और इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। हाइड्रोपोनिक वीड गांजे की एक अत्यधिक प्रभावशाली किस्म है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में विशेष तकनीक से उगाया जाता है। इसमें सामान्य गांजे की तुलना में टीएचसी की मात्रा अधिक होने के कारण इसका नशीला प्रभाव भी काफी ज्यादा होता है। कस्टम विभाग के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्टों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है और इस मामले की जांच हर पहलुओं से की जा रही है।
