जयपुर के करधनी इलाके में दिनदहाड़े हुई सरेआम हत्या को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ चुकी है और आम आदमी भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
अपने आवास पर बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में खाचरियावास ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को घेरा। उनके पास गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है, ऐसे में उन्होंने कानून व्यवस्था के लगातार गिरते स्तर पर तीखे सवाल उठाए।
'अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं'
घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि दिनदहाड़े हत्याएं होने के बाद बदमाश बेखौफ फरार हो जाते हैं। अपराधियों के भीतर खाकी का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
"राजस्थान में अब कानून का राज नहीं, बल्कि गुंडों और बदमाशों का राज चल रहा है। व्यापारी, महिलाएं और आम परिवार सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।" — प्रताप सिंह खाचरियावास, कांग्रेस नेता
उन्होंने आगे कहा कि कभी जेलों के भीतर से वीडियो वायरल होते हैं तो कभी मोबाइल फोन बरामद किए जाते हैं। इसके उलट राज्य में चोरी, लूट और फायरिंग की वारदातें आम हो गई हैं।
थानों में फरियादियों के साथ बदसलूकी का आरोप
खाचरियावास ने पुलिस कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कोई पीड़ित अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचता है तो कई जगहों पर उसे न्याय देने के बजाय डराया-धमकाया जाता है। पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी और फरियादियों को थाने से भगाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जब थाने में ही सम्मान नहीं मिलेगा, तो आम नागरिक सुरक्षा की उम्मीद किससे करेगा।
'सरकार अपराधियों पर नकेल कसे या कुर्सी छोड़े'
मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए खाचरियावास ने कहा कि केवल बड़े दावे करने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। करधनी हत्याकांड के सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को सरकार चलाने का जनादेश दिया है, न कि अपराधियों को खुली छूट देने का।
