दानवीर महर्षि दधीचि की जयंती पर शनिवार को देश भर में विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला में जयपुर के सी स्कीम स्थित महर्षि दधीचि सर्कल पर मुख्य समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान सर्कल पर स्थापित महर्षि दधीचि की प्रतिमा की विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में डीआईजी सीआईडी क्राइम दीपक भार्गव, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोविंद पारीक और भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य पंडित बीएम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान लोकमत भारत ग्रुप के अध्यक्ष राजकुमार सैनी, प्रसिद्ध वास्तुविद पंडित नवरत्न दाधीच, कायस्थ समाज के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. आदित्य नाग और संस्कृत विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष कौशलेंद्र जी सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।
चार दशक से चली आ रही परंपरा
राजस्थान प्रांतीय दाधीच दाहिमा ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राघव शर्मा ने बताया कि पिछले 40 वर्षों से भी अधिक समय से महर्षि दधीचि जयंती पर यह पूजा-अर्चना की परंपरा अनवरत चली आ रही है। इस आयोजन के जरिए महर्षि दधीचि के त्याग और बलिदान को याद किया जाता है।
महर्षि दधीचि ने संपूर्ण मानव कल्याण के लिए अपना देहदान किया था। इसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए दाधीच समाज अब समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में जुटा हुआ है।
नेत्रदान, रक्तदान के साथ अब मतदान जागरूकता
सभा के अनुसार, महर्षि दधीचि के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज के लोग नियमित रूप से नेत्रदान, देहदान और रक्तदान के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसी कड़ी में अब सामाजिक स्तर पर मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित कर सकें।
