मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जोधपुर और फलोदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने निकाय चुनावों की जीत का जिक्र करते हुए आगामी पंचायत चुनावों में भी पार्टी को जीत दिलाने का मंत्र दिया। सीएम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की नीतियों के दम पर पंचायतों में भी ट्रिपल इंजन की सरकार बनानी होगी।
संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि जोधपुर के 7 में से 6 निकायों और फलोदी के दोनों निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। यह परिणाम राज्य सरकार के कार्यों पर जनता के भरोसे को साबित करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के विकास को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
विकास कार्यों के आंकड़े और क्षेत्र का बजट
संभाग के विकास का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पौने तीन वर्षों में जोधपुर संभाग के समग्र विकास के लिए 61,671 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति दी गई है। इसमें अकेले जोधपुर जिले के लिए करीब 7,000 करोड़ रुपये और फलोदी जिले के लिए 2,023 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य इन योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बूथ स्तर पर मजबूती और सेवा संकल्प अभियान
कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति समझाते हुए मुख्यमंत्री ने 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के मंत्र पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा ही भाजपा कार्यकर्ता का पहला कर्तव्य है। इसी कड़ी में कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ड्राइव, रक्तदान शिविर और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के निर्देश दिए गए।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-ढाणी तक पहुंचाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसमर्थन के आधार पर पंचायत चुनावों में भी पार्टी ऐतिहासिक प्रदर्शन करेगी। बैठक में दोनों जिलों के प्रमुख पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
