जयपुर में जूनियर इंजीनियर (JEN) भर्ती 2020 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने एक और गिरफ्तारी की है। मानसरोवर इलाके में घर-घर दूध बेचने वाले 32 साल के अभिषेक खंडेलवाल को इस मामले में दबोचा गया है। SOG के मुताबिक, अभिषेक अभ्यर्थियों से संपर्क कर 14-14 लाख रुपए में सॉल्वड पेपर की डील करता था और उन्हें पढ़ाने के लिए अलग से मकान भी उपलब्ध कराता था।
मूल रूप से दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र स्थित जसोता मेसरा गांव का रहने वाला अभिषेक जयपुर के मानसरोवर इलाके में न्यू सांगानेर रोड पर राजीव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। SOG की अब तक की जांच में सामने आया है कि दूध बांटने के दौरान उसकी पहचान भीम सिंह यादव से हुई थी, जो इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जा रहा है।
ऐसे जुड़ा पेपर लीक गैंग से
अभिषेक के परिवार का कनेक्शन भी इस सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। SOG के अनुसार, अभिषेक का छोटा भाई एक शराब ठेके पर सेल्स मैनेजर के तौर पर काम करता था। इसी ठेके पर भीम सिंह यादव पहले लोडिंग-अनलोडिंग का काम संभालता था। भाई के जरिए हुई इसी पहचान के बाद अभिषेक की मुलाकात भीम सिंह से हुई और धीरे-धीरे वह इस आपराधिक नेटवर्क के संपर्क में आ गया।
जांच में पता चला कि भीम सिंह यादव ने भूपेंद्र सारण के साथ मिलकर JEN भर्ती 2020 का पेपर लीक किया था। परीक्षा के दौरान अभिषेक मानसरोवर में ही रहता था, जहां भीम सिंह भी सक्रिय था। भीम सिंह ने ही अभिषेक को पेपर लीक होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसने एजेंट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया।
14 लाख में डील और किराए पर मकान
SOG के अनुसार, अभिषेक ने कई बेरोजगार अभ्यर्थियों से संपर्क साधा और उन्हें 14-14 लाख रुपए में सॉल्वड पेपर दिलाने का भरोसा दिया। गिरोह के पास से जुड़ने के बाद उसने मानसरोवर क्षेत्र में ही एक मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि इसी मकान में लाकर अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले सॉल्वड पेपर पढ़ाया गया था।
JEN भर्ती 2020 की लिखित परीक्षा सितंबर 2021 में आयोजित की गई थी। पेपर लीक का खुलासा होने के बाद सरकार ने इस भर्ती परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया था। इसके करीब एक साल बाद नए सिरे से परीक्षा कराई गई, लेकिन SOG की इस मामले में जांच लगातार जारी रही। मुख्य सरगना भीम सिंह और भूपेंद्र सारण पहले से ही अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं, और अब अभिषेक की गिरफ्तारी से इस सिंडिकेट के एक और एजेंट का पर्दाफाश हुआ है।
