प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इंदौर स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया।इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में जिस प्रकार विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए अनेक योजनाएं बनाईं और उन्हें प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा। इन कार्यों के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में कई प्रधानमंत्री बने, लेकिन विकास और दूरदर्शी नेतृत्व की बात की जाए तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। उनके अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी पहचान को मजबूत किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारतीय सेना विश्व की प्रमुख सैन्य शक्तियों में गिनी जाती है।मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक रूप से उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, युवा, किसान और नारी—इन चार वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई हैं और इन सभी क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और जो पहले रोजगार मांगने वाले थे, वे आज स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार देने वाले बन रहे हैं।उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति में सुधार हुआ है तथा गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। कृषि उत्पादन, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज "लखपति दीदी" बनकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह अवधि भारत के विकास, आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली रही है। इस दौरान सांसद शंकर लालवानी, क्षेत्रीय विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।वही वेयरहाउस एवं कारपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच नेवी पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अपनी बात रखी और मोदी के कार्यकाल की जमकर तारीफ की।
