भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर 16 नवंबर को खंडवा में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को लेकर भाजपा संगठन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पंधाना विधायक और प्रदेश प्रवक्ता छाया मोरे ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में प्रदेशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
संस्कृति और बलिदान को नमन
इस भव्य आयोजन के जरिए भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ जनजातीय समाज के अन्य महान नायकों के संघर्ष, शौर्य, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को आम जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक कला और उनकी गौरवशाली विरासत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।
भाजपा संगठन की ओर से इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर बैठकों का दौर जारी है ताकि व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जा सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये नेता रहे मौजूद
स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पंधाना विधायक छाया मोरे के साथ विधायक राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता यादव, नेता सुनील जैन और मंगलेश तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से इस आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
