राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों के लिए खुशखबरी सामने आयी है..  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 जून 2026 को PM Kisan योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। जिसे लेकर देशभर के करोड़ों किसानों के साथ राजस्थान के पात्र किसानों के बैंक खातों में भी 2-2 हजार रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर कर दी जाएगी। केंद्र सरकार की ओर से इस तारीख की आधिकारिक घोषणा हो गयी है। प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से एक क्लिक के जरिए किसानों के खातों में यह राशि ट्रांसफर करेंगे। खरीफ फसलों की बुवाई के समय मिलने वाली यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए किसी बड़े सहारे से कम नहीं साबित होगी क्योंकि इस समय किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और खेतों की तैयारी जैसे कई जरूरी कृषि कार्यों के लिए धन की जरुरत होती है।

राजस्थान में इस योजना के तहत 66 लाख से अधिक किसान लाभान्वित होने जा रहे हैं। कृषि विभाग और केंद्र सरकार के रिकॉर्ड के मुताबिक  केवल उन्हीं किसानों को इस किस्त का लाभ मिलेगा, जिन्होंने योजना से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। प्रदेश के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और अन्य जिलों में किसानों के बीच इस किस्त को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं सरकार ने किसानों को चेतावनी भी दी है कि जिन लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई  है, जिनके भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन नहीं हुआ है या जिनका बैंक खाता आधार और एनपीसीआई से लिंक नहीं है, उनकी किस्त अटकने की संभावना है। ऐसे किसानों को जल्द से जल्द अपनी जानकारी अपडेट कराने की सलाह दी गई है। सरकार का मानना  है कि सभी पात्र किसानों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे खाते में राशि भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले मिलने वाली यह किस्त प्रदेश के लाखों छोटे और सीमांत किसानों के लिए खेती की तैयारियों में बड़ी मददगार साबित होने वाली बताई जा रही है..