मजबूत फिनिश और लंबे समय तक टिकने वाले लुक के लिए केवल मेकअप आर्टिस्ट की स्किल काफी नहीं होती, बल्कि इसके पीछे हफ्तों पहले से की गई त्वचा की तैयारी अहम भूमिका निभाती है। किसी भी शादी या पार्टी से पहले मनमाफिक लुक न मिलने की मुख्य वजह अक्सर त्वचा की स्थिति होती है, न कि आर्टिस्ट की टेक्निक। सही फिनिश पाने के लिए मेकअप से कई दिन पहले से ही स्किन प्रेप की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
स्किन सेंसिटिविटी और एलर्जी की पहले दें जानकारी
त्वचा की संवेदनशीलता और किसी भी प्रोडक्ट से होने वाली एलर्जी के बारे में मेकअप आर्टिस्ट को पहले से बताना बेहद जरूरी है। यदि आंखों के आसपास जलन, फाउंडेशन लगाने पर पैच बनने या किसी खास उत्पाद से दाने और खुजली की समस्या होती है, तो इसकी पूरी जानकारी साझा करें। इससे आर्टिस्ट को आपकी त्वचा के अनुकूल सुरक्षित उत्पाद और सही तकनीक चुनने में मदद मिलती है, जिससे केक या पैची मेकअप जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
मेडिकल ट्रीटमेंट और एक्टिव इंग्रीडिएंट्स का रखें ध्यान
पिग्मेंटेशन, एक्ने या झुर्रियों के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह पर रेटिनॉल, एक्सफोलिएटिंग एसिड या अन्य दवाइयों का इस्तेमाल किया जा रहा है, तो इसकी जानकारी मेकअप कराने से पहले जरूर दें। इस तरह के उत्पाद त्वचा को रूखा और संवेदनशील बना देते हैं, जिससे स्किन फ्लेकी होने लगती है। इस स्थिति में आर्टिस्ट ड्राय और सेंसिटिव स्किन के हिसाब से प्रेप करते हैं। गंभीर ट्रीटमेंट की स्थिति में वैक्सिंग या मेकअप से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
बिना सलाह के नए प्रोडक्ट्स और स्किन केयर से बचें
मेकअप वाले दिन से कम से कम एक महीना पहले स्किन केयर रूटीन में कोई भी बड़ा बदलाव करने से बचना चाहिए। नए उत्पादों के इस्तेमाल से रैश या दाने आने की आशंका रहती है, जिससे त्वचा पर टेक्सचर उभर आता है जिसे मेकअप से छिपाना मुश्किल होता है। इसके अलावा, फेशियल वैक्सिंग, थ्रेडिंग या केमिकल पीलिंग जैसे ट्रीटमेंट मेकअप से ठीक पहले न कराएं। त्वचा को सामान्य होने के लिए कम से कम 24 से 48 घंटे का समय मिलना चाहिए ताकि रेडनेस और जलन ठीक हो सके।
सही सीटीएम रूटीन और स्किन टाइप की जानकारी
त्वचा का प्रकार—चाहे वह ऑयली हो, रफ हो या कॉम्बिनेशन—इसकी जानकारी पहले से होने पर प्राइमर और फाउंडेशन का सही चुनाव आसान हो जाता है। मेकअप से पहले जेंटल क्लींजर से चेहरा साफ करके जाना चाहिए और उसके बाद बिना अल्कोहल वाले टोनर और उपयुक्त मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल किया जाता है। उत्पादों की मात्रा न तो बहुत ज्यादा होनी चाहिए और न ही कम, ताकि हर लेयर त्वचा में पूरी तरह एब्जॉर्ब हो सके।
