छिंदवाड़ा। बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर एसोसिएशन की हड़ताल और धरना-प्रदर्शन मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार आंदोलन के बावजूद प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से उनकी मांगों के निराकरण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ट्रैक्टर यूनियन अध्यक्ष सिराज कुरैशी ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार कर उनका निराकरण नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में ट्रक और ट्रैक्टर यूनियन द्वारा पूरे जिले से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान शहर में उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था और आम नागरिकों को होने वाली परेशानी के लिए प्रशासन और खनिज विभाग जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने बताया कि आंदोलन को अब मजदूर यूनियन, ठेकेदार यूनियन और किसान यूनियन का भी समर्थन मिल रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में आंदोलन और व्यापक हो सकता है। कुरैशी ने प्रशासन को पहले से चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी मांगों पर जल्द से जल्द सुनवाई कर समाधान किया जाए।

कुरैशी ने कहा कि संगठन द्वारा शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा शांतिप्रिय शहर है और यहां लोग शांतिपूर्वक व्यापार व जीवन-यापन करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि स्थिति बिगड़ने से पहले उनकी मांगों का समाधान किया जाए।