छिंदवाड़ा। छोटी बाजार स्थित बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा मंदिर निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से संचालित भाग्यशाली भक्त उपहार योजना को श्रद्धालुओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में समाजसेवी एवं श्रद्धालु मयूर पटेल ने मंदिर निर्माण हेतु अनूठी पहल करते हुए छोटी-छोटी कन्याओं के नाम से कुल 101 दान कूपन कटवाए हैं। प्रत्येक कूपन की राशि ₹500 निर्धारित है।मयूर पटेल ने बताया कि यदि उन्हें दान देना ही है तो वह यह पुण्य कार्य कन्याओं के नाम से करना चाहते हैं। उन्होंने पहले लगभग 70 कूपन कटवाए थे, जिसके बाद अब यह संख्या बढ़कर 101 हो गई है। उनकी इस पहल की मंदिर ट्रस्ट सहित श्रद्धालुओं ने सराहना की है।बड़ी माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष सोनी ने कहा कि मयूर पटेल द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और यदि इसी प्रकार श्रद्धालुओं का सहयोग मिलता रहा तो मंदिर का शेष निर्माण कार्य भी शीघ्र पूर्ण हो जाएगा।ट्रस्ट द्वारा संचालित भाग्यशाली भक्त उपहार योजना में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक उपहार रखे गए हैं। योजना के अंतर्गत प्रथम उपहार 10 लाख रुपये का प्लॉट, द्वितीय उपहार 8 लाख रुपये मूल्य की कार, तृतीय उपहार रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, चतुर्थ उपहार बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर तथा पंचम उपहार के रूप में तीन लैपटॉप रखे गए हैं। इसके अलावा योजना में कुल 1000 आकर्षक उपहार शामिल किए गए हैं।मंदिर ट्रस्ट ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक एवं पुण्य कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि बड़ी माता मंदिर का भव्य निर्माण शीघ्र पूर्ण होकर श्रद्धालुओं को समर्पित किया जा सके।