मुंबई की लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और उसे धक्का दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोरेगांव से नायगांव जा रही 20 साल की युवती ने जब सफर के दौरान आरोपी की हरकत का विरोध किया, तो उसने उसे चलती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। इस हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के पास से कट गया है, जबकि सिर में 16 टांके आए हैं।
जीआरपी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 4 नवंबर की है, जब पीड़िता अपने घर लौटने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुई थी।
ट्रेन में शुरू हुई थी बदसलूकी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पीड़िता गोरेगांव से नायगांव के लिए लोकल ट्रेन में चढ़ी थी। सफर के दौरान आरोपी जितेंद्र हिरमुखे ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। युवती ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
नायगांव स्टेशन के पास पहुंचने पर जब युवती नीचे उतरी, तो आरोपी भी ट्रेन से उतर गया और अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसे गालियां दीं, चप्पल से मारा और धक्का देकर पटरियों पर गिरा दिया। इस दर्दनाक हादसे में उसने अपना एक हाथ गंवा दिया।
परिवार ने उठाए जांच पर सवाल
घटना के बाद पीड़िता के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से जुड़ी बीएनएस की धारा 109 क्यों नहीं जोड़ी गई?
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारी भी एक्टिव हुए और रेलवे पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर से मुलाकात की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय नेताओं को आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।
BNS की इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
फिलहाल पुलिस ने आरोपी जितेंद्र हिरमुखे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अस्पताल में पीड़िता का इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसके सिर और कटे हुए हाथ की चोटों का उपचार किया जा रहा है।
