मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर नीमच पहुंचे। निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से दोपहर 2 बजे उनका हेलीकॉप्टर सीआरपीएफ हेलीपैड पर उतरा, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे सीएसबी अग्रोहा भवन में आयोजित 'सेवा से संकल्प' अभियान के अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया। साथ ही, पात्र बालिकाओं को स्कूटी और बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
धार्मिक पर्यटन और चीता परियोजना पर जोर
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और नीमच में पर्यटन की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने बताया कि नीमच आने से पहले उन्होंने उज्जैन में निर्माणाधीन आईटी पार्क और युवाओं के लिए शुरू की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा- "नीमच में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।" उन्होंने गांधीसागर अभयारण्य में चीता परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि कूनो नेशनल पार्क से लाई गई बोत्सवाना मूल की मादा चीता CCB-2 को गांधीसागर में रिलीज किया जाना इस दिशा में एक बड़ा कदम है। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप रोजगारपरक और पर्यावरण के अनुकूल फैसले ले रही है।
राहुल गांधी के बयानों पर पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों और कार्यक्रमों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जैसी समझ है, उन्होंने वैसा ही अपना कार्यक्रम तय किया है और वे इस पर कुछ नहीं कहना चाहते।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा- "वे पहले तथ्य जुटाएं और सही जानकारी लें। बेहतर होगा कि वे एनएसयूआई के बच्चों के बजाय वास्तविक युवाओं को सामने लाकर बात करें।" उन्होंने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी लगातार चुनाव हार रही है और पूरा देश कांग्रेस मुक्त हो रहा है, जो उनके लिए आत्ममंथन का विषय है।
गांधीसागर में मादा चीता को किया रिलीज
नीमच का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3:30 बजे रामपुरा क्षेत्र के लिए रवाना हुए। वे शाम करीब 4 बजे ग्राम बासी स्थित डीबीएल हेलीपैड पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से ग्राम बूज गए।
ग्राम बूज में चीता परियोजना के गेट क्रमांक-4 पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कूनो से गांधीसागर लाई गई मादा चीता CCB-2 को खुले जंगल में रिलीज किया। इस दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री नीमच से भोपाल के लिए रवाना हो गए।
