तखतगढ़ के जवाहर चौक स्थित श्री चारभुजा ठाकुरजी मंदिर से रविवार को रिद्धि-सिद्धि के दाता श्री गजानंद जी का गाजे-बाजे के साथ टासकावावास में भव्य आगमन हुआ।लाभार्थी परिवार सहित सैकड़ों नगरवासियों ने पूजा-अर्चना के बाद पालकी यात्रा निकाली। ढोल-थाली की झंकार, गुलाल और पुष्पवर्षा के बीच महिलाओं ने मंगल गीत गाए। हनुमानजी मंदिर के पास सजे पंडाल में गजानंद जी को विराजमान किया गया। लाभार्थी भारत कुमार सोनी एवं वेनाराम प्रजापत ने महाआरती कर प्रसाद वितरित किया।आज रात्रि एक शाम गजानंद जी के नाम’ भजन संध्या होगी। सोमवार को गजानंद जी को पुनः ठाकुरजी मंदिर ले जाया जाएगा, जहां गणपति महोत्सव की शोभायात्रा में शामिल होंगे।सोमवार को सुमेरपुर-तखतगढ़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पंडालों एवं घर-घर रिद्धि-सिद्धि के दाता गणपति बप्पा विराजमान होंगे। गणेश उत्सव को लेकर पंडालों की सजावट और अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।