राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं में नई सीधी भर्तियों को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने राज्य के सभी जिला परिषदों को पत्र जारी कर आगामी वर्षों के लिए खाली पदों का पूरा ब्यौरा मांगा है।
कार्मिक विभाग के निर्देशों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। विभाग ने सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) को निर्देश दिए हैं कि वे 31 मार्च 2028 तक के संभावित रिक्त पदों की जानकारी तय प्रारूप में जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस पूरी प्रक्रिया के तहत ग्राम विकास अधिकारी (VDO), कनिष्ठ सहायक, वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत कई अलग-अलग संवर्गों के पदों का आकलन किया जा रहा है। शासन उप सचिव एवं उपायुक्त डॉ. अनुपमा टेलर की ओर से जारी आदेश में सभी जिला परिषदों को खाली पदों का यह विवरण विभागीय ई-मेल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस डेटा के जरिए आने वाले वर्षों में विभिन्न कैडर में खाली होने वाली सीटों का सटीक आंकड़ा तैयार किया जाएगा। इसी आकलन के आधार पर नई भर्तियों का खाका खींचा जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
