हनुमना के तिलया गांव में 40 लाख रुपये की कथित डकैती का मामला अब पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गया है। जिस वारदात को पहले हथियारबंद बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई बड़ी लूट बताया गया था, अब उसी कहानी पर पुलिस को संदेह होने लगा है। महिला ने दावा किया था कि 6 हथियारबंद बदमाशों ने उसे और उसके बेटे को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान लूट लिया। लेकिन पुलिस जांच में सामने आए कई तथ्यों ने इस पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है।


पीड़िता बेबी साहू ने पुलिस को बताया था कि 3 सितंबर की रात दो युवक दवाई लेने के बहाने मेडिकल स्टोर पहुंचे। कुछ ही देर में उनके अन्य साथी भी घर में दाखिल हो गए। आरोप था कि बदमाशों के हाथों में रिवाल्वर, कट्टा, तलवार और गड़ासा जैसे हथियार थे। महिला और उसके नाबालिग बेटे को बंधक बनाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मेडिकल स्टोर का सामान लूट लिया गया।


घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेश पटेल ने शुरुआती जांच के आधार पर लूट की घटना की पुष्टि करते हुए बताया था कि महिला द्वारा डायल-112 पर सूचना दी गई थी और मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।


लेकिन अब जांच आगे बढ़ने के साथ कहानी में बड़ा ट्विस्ट आ गया है। मऊगंज एसडीओपी सची पाठक का कहना है कि फरियादी द्वारा बताए गए कई पहलू प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस को घटनाक्रम के कुछ हिस्सों में विसंगतियां मिली हैं, जिसके चलते अब तक डकैती की घटना की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है।


पुलिस अब हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के साक्ष्य, पीड़िता के बयान, कथित लूटे गए सामान की जानकारी और अन्य तकनीकी तथ्यों का मिलान किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर घटना वैसी ही हुई जैसा बताया गया, या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी हुई है।


एक तरफ पीड़ित परिवार 40 लाख की लूट का दावा कर रहा है, तो दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि अभी तक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह मामला अब सिर्फ डकैती का नहीं, बल्कि एक बड़े रहस्य का रूप लेता जा रहा है। पूरे इलाके की नजर अब पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है।


हथियारबंद बदमाशों की कहानी, 40 लाख की कथित लूट और अब पुलिस के संदेह... तिलया गांव का यह मामला हर दिन नया मोड़ ले रहा है। आखिर सच क्या है? क्या वाकई डकैती हुई थी, या फिर कहानी कुछ और है? इसका जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल हनुमना की यह कथित डकैती पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।