राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) नवंबर महीने में तीन अलग-अलग श्रेणियों के तहत करीब 2,400 पदों पर नई भर्तियां निकालने जा रहा है। इनमें शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षक, वित्त विभाग के कर सहायक और विभिन्न विभागों के कनिष्ठ अभियंता (JE) के पद शामिल हैं। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक, इन नियुक्तियों से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है।
किस भर्ती में कितने पद
इन तीन प्रस्तावित भर्तियों में सबसे बड़ा हिस्सा शिक्षा विभाग का है। बोर्ड की ओर से तैयार किए गए खाके के मुताबिक, शारीरिक शिक्षक के 1200 पदों पर चयन प्रक्रिया होगी। इसके अलावा, जल संसाधन और यूडीएच सहित अन्य महकमों में कनिष्ठ अभियंता के करीब 900 पद भरे जाएंगे। वहीं, वित्त विभाग के तहत कर सहायक के 300 पदों पर भी योग्य युवाओं को मौका मिलेगा।
15 नवंबर तक आ सकता है JE भर्ती का नोटिफिकेशन
कनिष्ठ अभियंता (JE) के पदों के लिए प्रक्रिया सबसे तेज चल रही है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस भर्ती का विस्तृत विज्ञापन 15 नवंबर तक जारी करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
हालांकि, शारीरिक शिक्षक और कर सहायक पदों के विज्ञापन के लिए अभ्यर्थियों को थोड़ा इंतजार करना होगा। इन दोनों भर्तियों के नोटिफिकेशन आचार संहिता हटने के बाद ही आधिकारिक तौर पर जारी किए जाएंगे।
आयु सीमा और योग्यता
इन सभी भर्तियों के लिए सामान्य तौर पर न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। हालांकि, पद की प्रकृति के अनुसार शैक्षणिक और तकनीकी अर्हताएं अलग-अलग रहेंगी।
शारीरिक शिक्षक पद के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित शैक्षणिक डिग्री के साथ फिजिकल एजुकेशन की अनिवार्य योग्यता होनी चाहिए। कनिष्ठ अभियंता पदों के लिए इंजीनियरिंग की संबंधित शाखा में डिग्री या डिप्लोमा मांगा जाएगा, जबकि कर सहायक पद के लिए निर्धारित सामान्य शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी।
आवेदन प्रक्रिया और नियम
विस्तृत विज्ञप्ति जारी होने के बाद उम्मीदवार राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। नोटिफिकेशन में आयु सीमा में छूट, आवेदन शुल्क, आरक्षण के नियम, परीक्षा पैटर्न और पूरा सिलेबस स्पष्ट किया जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को अच्छी तरह पढ़ने की हिदायत दी है।
