इंदौर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बाल विनय मंदिर, पार्क रोड में आयोजित "स्कूल चले हम अभियान" के प्रारंभ उत्सव में कलेक्टर शिवम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें स्कूल बैग, पानी की बोतल सहित अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की गई।कार्यक्रम की सबसे खास बात रही कलेक्टर शिवम वर्मा का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर जमीन पर बैठना और उनसे सीधा संवाद करना। बच्चों ने शिक्षा, करियर, स्किल डेवलपमेंट, परीक्षा परिणाम, मानसिक तनाव और उच्च शिक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका कलेक्टर ने सहजता और आत्मीयता से जवाब दिया।कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि हर बच्चा अपने आप में विशेष और प्रतिभाशाली है। परीक्षा और अंकों को लेकर तनाव लेने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सफलता केवल परिणामों से नहीं बल्कि निरंतर सीखने और प्रयास करने से मिलती है।संवाद के दौरान कई विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में सवाल पूछे, जबकि छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। एक छात्रा द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई को लेकर पूछे गए सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि आज के दौर में नई तकनीकों को समझना और उनका सकारात्मक उपयोग करना बेहद जरूरी है।उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में शिक्षकों का योगदान सबसे अहम होता है। कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने अपनी लिखी पुस्तक "युवाओं के गांधी" कलेक्टर को भेंट की, वहीं एक अन्य छात्र ने उनका स्केच बनाकर उन्हें सौंपा। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा की कलेक्टर ने खुलकर सराहना की।प्रारंभ उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त शिक्षा का संदेश दिया गया। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़े हैं।
