वाराणसी से बड़नगर तक निकाली जा रही 'सेवा संकल्प यात्रा' रायसेन जिले की उदयपुरा विधानसभा के बरेली पहुंच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस यात्रा का बरेली में स्थानीय स्तर पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान शहर के होटल जीके पैलेस में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधा संवाद किया।
प्रधानमंत्री के कर्मक्षेत्र से जन्मस्थल तक निकाली जा रही इस यात्रा का उद्देश्य उनके 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यों और संकल्पों को आमजन तक पहुंचाना है। इस यात्रा में शामिल युवा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स की जानकारी लेकर घर-घर और गांव-गांव पहुंच रहे हैं।
युवाओं को मिला चांदी का शंख और बैग
बरेली के होटल जीके पैलेस में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने यात्रा में शामिल युवाओं को प्रोत्साहन स्वरूप भेंट प्रदान की। राज्यमंत्री ने सभी युवाओं को चांदी का शंख और एक-एक उपयोगी बैग भेंट किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुनने के बाद कार्यकर्ताओं ने इस अभियान को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
क्या है सेवा संकल्प यात्रा का उद्देश्य?
यह यात्रा वाराणसी से शुरू होकर गुजरात के बड़नगर की ओर बढ़ रही है। यात्रा का मुख्य फोकस आम जनता को केंद्र सरकार की योजनाओं के फायदों के बारे में बताना और प्रशासनिक योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जनसंवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के 25 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर अपनी बात रखी और कार्यकर्ताओं से संवाद अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
