गैंगस्टर रोहित गोदारा के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान पुलिस उसके कथित शूटर और करीबी सहयोगी शकील अंसारी को लेकर पंजाब पहुंची है। पुलिस के मुताबिक  शकील अंसारी अमृतसर से अवैध हथियार खरीदकर रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्यों तक पहुंचाने का काम करता था और गैंग के हथियार सप्लाई नेटवर्क में उसकी अहम भूमिका निभा रहा था। जवाहरनगर थाना पुलिस की टीम एसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में आरोपी को पंजाब ले गई है जहां हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लायरों और गैंग के अन्य सहयोगियों से जुड़े तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं और अब पंजाब में जांच के दौरान हथियार तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लुधियाना की दुर्गा कॉलोनी निवासी शकील अंसारी पर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं। 10 जून की रात श्रीगंगानगर जिले में नाकाबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि पिछले दो वर्षों में शकील ने रोहित गोदारा गैंग में खास पहचान बना ली थी और रंगदारी वसूली के लिए की गई कई फायरिंग घटनाओं में हथियार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभा रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उसकी गिरफ्तारी से गैंग के हथियार नेटवर्क, रंगदारी वसूली तंत्र, विभिन्न राज्यों में सक्रिय शूटरों और हाल के वर्षों में हुई कई फायरिंग घटनाओं से जुड़े अहम राज खुलने के संकेत हैं। साथ ही जयपुर और पंचकूला में हुई चर्चित फायरिंग घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पंजाब में की जा रही पूछताछ से रोहित गोदारा गैंग के पूरे नेटवर्क और उसके सहयोगियों के बारे में कई बड़े खुलासे सामने आने की संभावना हैं।