राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना है। इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने 85 वर्षीय पवार को पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। इस फोन कॉल के सामने आने के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
"हम देश संभाल लेंगे, आप सेहत का ध्यान रखें"
शरद पवार के करीबी सहयोगी विठ्ठल मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार सुबह फोन कर वरिष्ठ नेता की सेहत की जानकारी ली। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा, "सुप्रिया और हम देश संभाल लेंगे, आप अपनी सेहत का ध्यान रखिए। आराम कीजिए और हमें आपका आशीर्वाद मिलता रहे।"
इस पर शरद पवार ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए जवाब दिया कि वह डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक आराम कर रहे हैं। पवार ने कहा कि जब देश चलाने के लिए आप सभी लोग मौजूद हैं, तो उन्हें फिलहाल किसी बात की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
अस्पताल से डिस्चार्ज होकर 'सिल्वर ओक' लौटे पवार
पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में सीने में दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद शरद पवार को भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनकी कई मेडिकल जांचें हुईं। स्वास्थ्य में सुधार दर्ज किए जाने के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
अस्पताल से निकलने के बाद उनके बारामती स्थित आवास जाने की चर्चाएं थीं, लेकिन वह अपनी बेटी और एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के साथ सीधे मुंबई के लिए रवाना हो गए। फिलहाल वह मुंबई स्थित अपने आवास 'सिल्वर ओक' में डॉक्टरों की सलाह पर अगले दो-तीन दिन विश्राम करेंगे। मेडिकल टीम ने उन्हें यात्राएं सीमित करने और खानपान पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी है।
राजनीतिक गलियारों में फिर गरमाई चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार के बीच हुई इस आत्मीय बातचीत के सार्वजनिक होने के बाद से राज्य की राजनीति में सुगबुगाहट तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषक इस फोन कॉल को दोनों नेताओं के बीच के व्यक्तिगत संबंधों के साथ-साथ एनसीपी के राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में भी देख रहे हैं, हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से इस पर आधिकारिक राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
