10 अगस्त को सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 24 कैरेट सोने का भाव 1,440 रुपए बढ़कर 10 ग्राम के 1.51 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी की कीमत 1,909 रुपए बढ़कर 2.33 लाख रुपए हो गई। अगस्त में अब तक सिर्फ 6 दिनों में सोना 8,201 रुपए और चांदी 14,995 रुपए महंगी हो चुकी है। इस साल भी दोनों कीमती धातुओं में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव 1.33 लाख रुपए से ज्यादा था, जो अब बढ़कर 1.51 लाख रुपए पर पहुंच गया है, यानी सालभर में करीब 18 हजार रुपए की तेजी आई है। इसी तरह चांदी 31 दिसंबर को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो अब 2.33 लाख रुपए पर है। हालांकि इस साल 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई बनाया था। कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक सोना-चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आने के बाद निवेशकों को आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन निवेशकों को एकमुश्त पैसा लगाने से बचना चाहिए। उनका अनुमान है कि साल के अंत तक सोने की कीमत फिर 1.60 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.80 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है।